यज्ञ सम्राट की पावन धरा पर होगा भव्य महाशिवरात्रि महोत्सव - 1 News

Latest

मंगलवार, 24 जनवरी 2023

यज्ञ सम्राट की पावन धरा पर होगा भव्य महाशिवरात्रि महोत्सव



  • - 8 से 18 फरवरी तक होंगे अनेक कार्यक्रम   
  • -  11 से 17 फरवरी तक होगी भागवत कथा 
  • -  5100 महिलाओं के साथ निकलेगी कलश यात्रा 


भादरा
। यज्ञ सम्राट  प्रबल महाराज की तपोभूमि, भादरा में 44 साल बाद पुन: देश के सबसे बड़े महाशिवरात्रि महोत्सव का भव्य आयोजन 8 से 18 फरवरी तक होगा। भादरा के भामाशाह मंगालीवाला परिवार द्धारा प्रद्धत भूमि  प्रबल महाराज की कुटिया में भारतीय संस्कृति के संवर्धन व गौ सेवार्थ अखिल भारतवर्षीय धर्मसंघ व स्वामी करपात्री फांउडेशन के तत्वावधान में इस महोत्सव के तहत अनेक कार्यक्रम होंगे। 

     इस संबंध में श्री प्रबल जी महाराज की कुटिया में प्रेस कांफ्रेंस में संयोजक डॉ. गुण प्रकाश चैतन्य जी महाराज ने बताया कि 8 फरवरी, बुधवार से 10 फरवरी, शुक्रवार तक श्री शिव पंचायतन प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव होगा। 9 फरवरी को अपराह्न 3 बजे 5100 महिलाओं के साथ भव्य कलश यात्रा लुहारीवाला धर्मशाला से शुरू होकर श्री प्रबल जी महाराज की कुटिया में सम्पन्न होगी। उन्होंने बताया कि 44 साल पहले श्री प्रबल जी महाराज के सानिध्य में यज्ञ महोत्सव का आयोजन हुआ था, जिसमें देशभर से जाने-माने महामंडेश्वर व साधु-संतों ने हिस्सा लिया था। श्री प्रबल जी महाराज ने अपने जीवनकाल के दौरान देशभर में कुल 273 यज्ञों का आयोजन किया था, जिस कारण उन्हें यज्ञ सम्राट के रूप में पहचान मिली।

धर्मसंघ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विदिशदत्त शर्मा ने बताया कि 11 फरवरी, शनिवार से 17 फरवरी, शुक्रवार तक श्रीमद भागवत कथा का आयोजन होगा। युवा तपस्वी संत परम पूज्य डॉ. गुण प्रकाश चैतन्य जी महाराज की अध्यक्षता में परम श्रद्धेय समर्थश्री त्रयम्बकेश्वर चैतन्य जी महाराज के मुखारबिंद से श्रीमद भागवत कथा का रसपान रोजाना दोपहर 2 बजे से 6 बजे तक होगा। साथ ही भागवत कथा से पहले रोजाना सुबह 8 बजे से 12 बजे तक व अपरान्ह 2 बजे से शाम 6 बजे तक 100 कुंडीय श्री पंचदेव महायज्ञ होगा। इस महायज्ञ की मुख्य यजमान श्री श्याम शिक्षण संस्थान, भादरा होगी। वहीं, कथा के मुख्य यजमान मांगीलाल महिपाल होंगे। श्रीमद भागवत कथा के अंत में रोजाना सांय 6 बजे काशी की दिव्य आरती होगी। 18 फरवरी, शनिवार को सुबह सवा लाख पार्थिवेश्वर महादेव का होगा, जिनका सांय 7 बजे से रूद्राभिषेक होगा। 

आयोजन समिति के सदस्य मांगीलाल महिपाल ने बताया कि इस दौरान कई और कार्यक्रम भी होंगे, जिनमें 12 फरवरी को रात 8 बजे से दीपदान सहित सामुहिक हनुमान चालीसा का पाठ, 14 फरवरी को रात 8 बजे से सुंदरकांड मित्र मंडल, भादरा की ओर से सुंदरकांड का पाठ तथा 15 फरवरी को रात 8 बजे से भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा। 17 फरवरी को सांय 7 बजे से अखंड भंडारा होगा। इस पूरे आयोजन में देशभर से महामंडलेश्वर, साधु-संत व लाखों श्रद्धालु शिरकत करेंगे। इसके लिए भव्य तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। 

इस मौके पर पंचदेव महायज्ञ सेवा समिति के सदस्य विकास गर्ग, अमित बड़वेवाला, सज्जन दड़वेवाला, रतन महिपाल, दीवन सिंह, नरेंद्र धनावत, बृजलाल शर्मा, योगेश कौशिक, रामनिवास बंसल, भीम सैनी, सुशील हांसीवाला, रवि हांसीवाला उपस्थित थे। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें